नई दिल्ली। एशिया कप 2018 में आज भारतीय क्रिकेट टीम का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारतीय टीम हांगकांग के खिलाफ टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी कर रही है। इस मैच के लिए चयनित भारतीय अंतिम एकादश में खलील अहमद को भी शामिल किया गया है। खलील का ये पहला इंटरनेशनल मुकाबला है। ऐसे में उनके बारे में जानने की जिज्ञासा भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों में है। यहां जानें खलील अहमद के बारें में जानकारियां...
टोंक के रहने वाले हैं खलील-
खलील अहमद मूलत: राजस्थान के टोंक के रहने वाले हैं। वे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं। एशिया कप के लिए चयनित भारतीय 16 सदस्यीय टीम में खलील को भी शामिल किया गया था। पांच दिसंबर 1997 को जन्मे खलील का पूरा नाम खलील खुर्शीद अहमद हैं। उनके पिता एक अस्पताल में कंपाउटर हैं। आज खलील के डेब्यू पर पूरा टोंक सहित राजस्थान जश्न मना रहा है।
बचपन में लगती थी मार-
खलील बचपन से ही क्रिकेट के पीछे दीवाने थे। लेकिन खलील के परिजन नहीं चाहते थे कि उनका बेटा क्रिकेटर बने। खलील के पिता उन्हें डॉक्टर बनाना चाहते थे। लिहाजा बचपन में खलील को क्रिकेट खेलने के कारण अक्सर मार खाना पड़ता था। खलील ने इससे पहले 17 लिस्ट-ए मैच खेले हैं। इन मुकाबलों में उन्होंने 28 बल्लेबाजों को आउट करने में कामयाबी हासिल की।
राहुल द्रविड़ ने पहचानी प्रतिभा-
खलील का चयन साल 2016 में भारत की अंडर 19 टीम के लिए हुआ था। उस समय विश्व कप में भारतीय अंडर 19 टीम के साथ पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ भी गए थे। राहुल ने ही सबसे पहले खलील की प्रतिभा को पहचाना था। द्रविड़ ने खलील को अपना मार्गदर्शन दिया। जिसका उन्होंने भारतीय टीम में चयन होने के बाद द वॉल को शुक्रिया भी कहा था।
आईपीएल में मिली थी 3.2 करोड़ की कीमत-
घरेलू क्रिकेट में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के बाद खलील पर आईपीएल फ्रेंचाइजियों की नजर भी गई। खलील को साल 2016 में दिल्ली डेयरडेविल्स ने खरीदा था। वही पिछले सत्र में सनराइजर्स हैदराबाद ने खलील को 3.2 करोड़ की कीमत देते हुए खरीदा था। आज अपने डेब्यू से पहले खलील अहमद ने कहा कि वो जहीर खान को अपना आदर्श मानते हैं। अब देखना है कि क्या खलील अपने आदर्श जहीर खान की तरह भारत को एक अच्छे तेज गेंदबाज की तलाश पूरी कर पाते है या नहीं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2QHLaxw
via


0 comments:
Post a Comment